मोहाली। इलाके में चार प्लॉट देने के नाम पर व्यक्ति से 14.20 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान नवजोत सिंह वासी फेज-2 मोहाली के रूप में हुई है। गुरतेज सिंह की शिकायत पर फेज-1 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। शिकायतकर्ता गुरतेज सिंह वासी सेक्टर-41 सी चंडीगढ़ ने पुलिस को बताया कि उसके जानकार खुशवीर सिंह जो इस समय अमेरिका में रहते है। खुशवीर सिंह ने 2012 में अपने और अपने परिजनों के नाम पर स्काई रॉक सिटी वेलफेयर सोसायटी पार्ट-2 मुल्लांपुर में चार प्लॉट बुक कराए थे। इन चार प्लॉट के लिए उसने 14 लाख 20 हजार रुपये जमा करवाए थे लेकिन सोसायटी ने अभी तक न प्लॉट दिए और न ही उनके दिए रुपये उन्हें वापस किए। इस तरह आरोपी ने उनके साथ 14 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की। उन्हें पता चला है कि सोसायटी ने प्लॉट देने के नाम पर बहुत लोगों के साथ ठगी की है। इस पर पीड़ित ने इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी।