चंडीगढ़। शहर में इस बार लगातार बारिश के स्पेल काफी कम देखे गए हैं। यही कारण है कि इस सीजन में एक जून से लेकर अब तक कुल 711.7 एमएम बारिश हुई है जो सामान्य से 13 फीसदी कम है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, शहर में मानसून अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है इसलिए अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम है। हालांकि इस दौरान हल्के बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
शहर में सोमवार को पूरे दिन धूप निकली रही। हालांकि इस दौरान हल्की-हल्की हवाएं चलती रहीं, जिसकी वजह से मौसम ठंडा रहा। मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। रविवार सुबह 8:30 बजे से लेकर सोमवार को सुबह 8:30 बजे के बीच 7.8 एमएम पानी बरसा।
मौसम केंद्र ने इस सीजन पूर्वानुमान जारी किया था कि सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है लेकिन अभी तक ये पूर्वानुमान सच साबित होता नजर नहीं आ रहा है। हालांकि माैसम केंद्र का कहना है कि अभी सीजन के खत्म होने में समय है। ऐसे में बारिश का कोटा पूरा हो सकता है। मंगलवार को हल्के बादल छाने और बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद बारिश की संभावना कम है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाएगा। इस दौरान हल्के बादल छा सकते हैं लेकिन बारिश होने की संभावना काफी कम है।