कहा, अब तक 5.22 करोड़ किलोमीटर फ्री यात्रा कर चुके
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हैप्पी कार्ड योजना के तहत अंत्योदय परिवार से जुड़े 13 लाख लोग योजना का लाभ उठा चुके हैं और 5.22 करोड़ किलोमीटर फ्री यात्रा कर चुके हैं। यह जानकारी परिवहन मंत्री असीम गोयल ने दी। वह सोमवार को यहां परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 22.89 लाख परिवारों को हैप्पी कार्ड योजना का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा इस योजना का सुविधा-दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को फ़ायदा पहुंचाने पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद लाभार्थियों की संख्या में कई लाख की बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि फ़िलहाल इस योजना के सुचारू रूप से संचालन के लिए 600 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, अगर इस योजना के लिए और धन की आवश्यकता होगी तो किसी भी कीमत पर धन की कमी नहीं रहने दी जाएगी।