चंडीगढ़। कनाडा भेजने के नाम पर नोएडा निवासी एक युवक से 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी राम नारायण उर्फ टोनी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सेक्टर-34ए स्थित कोरियर हट व यूचर वर्ल्ड के नाम पर ऑफिस खोलकर फर्जीवाड़ा कर रहा था। वीरवार आरोपी को जिला अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में नोएडा निवासी रूपक कुमार ने बताया कि करीब एक साल पहले कनाडा जाने के लिए उसने टोनी से संपर्क किया। कनाडा भेजने के एवज में टोनी ने 12 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उसे 12 लाख रुपये दे दिए गए लेकिन इसके बावजूद वह कनाडा का वीजा नहीं लगवाया। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज करके उसे सेक्टर-34 से ही गिरफ्तार किया।