चंडीगढ़। शहर के सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया मंगलवार रात को 12 बजे खत्म हो गई है। विभाग की ओर से 42 सरकारी स्कूलों में 13875 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन मांगे गए थे। मंगलवार शाम तक विभाग को कुल सीटों पर लगभग डेढ़ गुना 20523 पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। वहीं कुल 18832 आवेदन फॉर्म जमा हुए हैं। इसमें चंडीगढ़ के बाद पंजाब के निजी स्कूलों से सबसे अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार चंडीगढ़ से पढ़े सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए 85 प्रतिशत आरक्षण रखा गया है। विभाग का प्रयास है कि सरकारी स्कूल से पढ़ा एक भी बच्चा दाखिले से वंचित नहीं रहे। ग्यारहवीं में सरकारी स्कूलों में दाखिला और विषय दसवीं के अंकों के आधार पर बनी मेरिट के आधार पर दिया जाएगा।
चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों से मिले 10140 आवेदन
चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की ओर से 10140 आवेदन मिले हैं। वहीं चंडीगढ़ के निजी स्कूलों के 2319 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। हरियाणा के निजी स्कूलों के 1251 और पंजाब के निजी स्कूलों के 1813 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। वहीं हरियाणा के सरकारी स्कूलों के 220 और पंजाब के सरकारी स्कूलों के 600 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
विभाग की ओर से जारी दाखिले का कार्यक्रम
कॉमन मेरिट लिस्ट डिस्प्ले : 15 जून
ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करवाने का दिन : 15 जून से 16 जून
आपत्ति पर सुनवाई : 17 जून से 18 जून
डिस्प्ले ऑफ अलॉटमेंट लिस्ट स्कूल और स्ट्रीम : 25 जून, सुबह साढ़े 11 बजे
दस्तावेज सत्यापन : 28 जून से 30 जून
कक्षाएं शुरू होने का समय : 01 जुलाई