चंडीगढ़। शहर के 42 सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन करने की समय सीमा समाप्त हो गई। सत्र 2024-25 के लिए 17133 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रांतों से फॉर्म भरे। विद्यार्थियों के अंकों के आधार पर पहली प्रोविजनल मेरिट सूची 12 जून को जारी होगी।
पिछले सत्र की तरह 2024-25 में भी विद्यार्थियों की मेरिट सूची 85/15 प्रतिशत के कोटे के आधार पर होगी। 11वीं दाखिले की 13875 सीटों में से 85 प्रतिशत शहर के सरकारी स्कूल से पास हुए बच्चों के लिए आरक्षित रहेगी और 15 प्रतिशत पर निजी स्कूल और अन्य बोर्ड से पास हुए विद्यार्थियों के लिए रहेगी। 12 जून को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी, जिस पर विद्यार्थी 13 जून तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। आपत्तियों का निवारण 14 जून को होगा और पहली स्कूल-संकाय आवंटन सूची 21 जून को जारी की जाएगी। विद्यार्थियों को आवंटित स्कूल में 28 और 29 जून को दाखिले के लिए विद्यार्थी के दस्तावेज सत्यापन किए जाएंगे। दस्तावेज सत्यापन होने के बाद ही विद्यार्थी का दाखिला पक्का माना जाएगा। पहले राउंड के बाद 11वीं में खाली सीटें बचती हैं तो दोबारा उनमें दाखिले के लिए मेरिट सूची तैयार की जाएगी। सात जून तक 16990 विद्यार्थियों ने आवेदन किया। सरकारी स्कूल के सभी विद्यार्थियों द्वारा आवेदन न करने पर विभाग ने समय सीमा सात से बढ़ा कर 10 जून सुबह 10 बजे तक की जिसके तहत 143 अन्य विद्यार्थियों ने फॉर्म भरे।