फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Holi 2026: हुड़दंगबाजों की खेर नहीं, चंडीगढ़ में 1150 पुलिस जवान तैनात; 33 इंस्पेक्टर, लगेंगे स्पेशल नाके

Tue, 03 Mar 2026 09:55 PM IST
Ankesh Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

चंडीगढ़ में होली का जश्न मनाने के लिए भीड़ उमड़ेगी। युवा वर्ग सड़कों पर उतरकर जमकर गुलाल उड़ाएगा। वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने भी हुड़दंगबाजों से निपटने के लिए तैयारी कर ली है। बुधवार को होली के दिन शहर में 1150 पुलिस जवानों को सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। 
विज्ञापन
होली का जश्न - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है। ऐसे में हुड़दंगबाजी करने वालों को पुलिस सबक सिखाएगी। चंडीगढ़ के हर सेक्टर, गांव व कॉलोनी में पुलिस तैनात रहेगी। शहर के प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों में विशेष नाके लगाए जाएंगे, ताकि हुल्लड़बाजी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके। 
विज्ञापन


चंडीगढ़ पुलिस विभाग की तरफ से बताया गया है कि शहर की सुरक्षा को कायम रखने के लिए होली के दिन 1150 जवानों को तैनात किया जाएगा। इनमें 8 गजटेड ऑफिसर, 33 एसएचओ या इंस्पेक्टर, 14 पुलिस पोस्ट प्रभारी और बड़ी संख्या में एनजीओ/ओआर/एल-ओआर शामिल हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने, स्टंटबाजी और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि गंभीर उल्लंघन की स्थिति में वाहनों को जब्त भी किया जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर आंतरिक नाके लगाए जाएंगे। इन नाकों पर संदिग्ध गतिविधियों, शराब पीकर वाहन चलाने और कानून तोड़ने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी 4 मार्च को सुबह 8:00 बजे से मैदान में मौजूद रहेंगे। बाजारों, सेक्टरों, कॉलोनियों और गांवों में विशेष गश्त की व्यवस्था की गई है। खासकर उन इलाकों में जहां लड़कियों के हॉस्टल और पीजी आवास स्थित हैं, वहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

इसके साथ ही शहर के प्रमुख मॉल, भीड़भाड़ वाले बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस की सक्रिय उपस्थिति रहेगी। पुलिस कंट्रोल रूम की गाड़ियां लगातार गश्त करेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट मोड पर रहेगी। त्योहार के दौरान कई स्थानों पर अस्थायी ट्रैफिक प्लान लागू किया जा सकता है ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक हरकत से बचें।

प्रशासन ने दोहराया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ किसी भी अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। छेड़छाड़, जबरन रंग लगाने या अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम में दें।

मोहाली में होली पर शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम
विज्ञापन

इसी तरह साथ लगते मोहाली में भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एसपी हैडक्वार्टर मोहित अग्रवाल ने बताया कि शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों में 30 से ज्यादा विशेष नाके लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान भी किए जाएंगे। एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम से मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। माता-पिता से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें