फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दविंदर गैंग के 11 सदस्य गिरफ्तार, 17 हथियार भी बरामद: आईजी कुंवर विजय

Tue, 31 Jul 2018 09:37 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
आईजी इंटेलिजेंस कुंवर विजय प्रताप सिंह
विज्ञापन
 पंजाब में गैंगस्टरों के विरुद्ध अपनी असरदार मुहिम जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। राज्य पुलिस के इंटेलिजेंस विंग की संगठित क्राइम कंट्रोल यूनिट ने कार्रवाई के तहत अमन कुमार उर्फ अमना जैतों और यादविंदर सिंह उर्फ यादू जैतों समेत दविंदर बंबीहा शूटर ग्रुप से संबंधित 9 अन्य गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 17 हथियार बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन


सोमवार को पुलिस मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी देते हुए संगठित क्राइम कंट्रोल यूनिट के आईजी इंटेलिजेंस कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरंभिक जांच में दोनों गैंगस्टर बीते 17 जून को रामपुरा फूल, बठिंडा में हरदेव सिंह उर्फ गोगी जटाना को उसके पोलट्री फार्म में कत्ल करने के आरोप में वांछित थे। उन्होंने दावा किया कि यह कत्ल कथित तौर पर मोगा जिले के नामी गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह उर्फ बुड्डा और उसके साथी गुरबख्श सिंग सेवेवाला फरीदकोट के इशारे पर किया गया था। 

सुखप्रीत बुड्डा ने फेसबुक पर इस कत्ल की जिम्मेदारी ली थी। अन्य गिरफ्तार गैंगस्टरों- वीना बुट्टर उर्फ वरिंदर सिंह मोगा ने अमन जैतों को हथियार मुहैया कराए थे जो गोगी जटाना के कत्ल कांड में इस्तेमाल किए गए। वह इस तरह की साजिश के कम से कम छह मामलों में वांछित है।
विज्ञापन


आईजी इंटेलिजेंस ने बताया कि यह पूरा आपरेशन एआईजी गुरमीत सिंह चौहान और संदीप गोयल की निगरानी में चलाया जा रहा है। यूनिट की विभिन्न टीमों द्वारा इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह बराड़, सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह और सब इंस्पेक्टर सिमरजीत सिंह की अगुवाई में आगामी कार्रवाई चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों को राजपुरा की अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस आपरेशन में कई ओर गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

 
विज्ञापन

गैंगस्टरों पर पंजाब व हरियाणा में दर्ज हैं कई केस

पकड़े गए गैंगस्टर को ले जाती पंजाब पुलिस
आईजी इंटेलिजेंस ने बताया कि इस ग्रुप के गिरफ्तार सदस्यों में बिट्टू महलकलां उर्फ अर्शदीप सिंह बरनाला भी शामिल है, जिस पर डकैती, कार चोरी जैसे करीब 34 केस दर्ज हैं। बाकी सदस्यों में रजत कुमार उर्फ साफी फरीदकोट, करण मंगला बरनाला, सुखा उर्फ विकी फरीदकोट, पलविंदर सिंह उर्फ लिखारी मोगा, सुमित बजाज उर्फ लंडी फरीदकोट, आलम भठ्ल उर्फ क्रांति बरनाला और लखविंदर सिंह फरीदकोट शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में कत्ल, कत्ल के प्रयास, फिरौती, कार चोरी, नशा तस्करी, अवैध हथियारों के लेनदेन जैसे कई केस दर्ज हैं।

परमीश वर्मा पर हमले में इस्तेमाल कार भी बरामद
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए गैंगस्टरों से कुल 17 हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें 9 पिस्तौल, 5 रिवाल्वर, एक राइफल और 2 बंदूकें शामिल हैं। अपराधियों के कब्जे से 2 स्कार्पियो और एक हुंडई कार भी बरामद की गई। आरंभिक जांच में सामने आया है कि क्रेटा कार कुरुक्षेत्र से चोरी की गई थी और दिलप्रीत उर्फ बाबा और सुखप्रीत उर्फ बुड्डा द्वारा फिल्म अदाकार परमीश वर्मा पर हमले में इसी कार का इस्तेमाल किया गया था।

अमन जैतों और उसके साथियों पर हैं कई मामले
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि इसी साल मार्च महीने में नगर काउंसिल निहाल सिंह वाला के प्रधान की कार को जलाने की घटना में भी यही ग्रुप जिम्मेदार था। इसके अलावा, पिछले साल नवंबर में एक अन्य मामले में निजी दुश्मनी के कारण बठिंडा में गुरप्रीत सिंह महिमा सरजा को अमन जैतो, जसप्रीत सिंह उर्फ लाडी और राकेश उर्फ काकू द्वारा गोली मारकर घायल कर दिया गया था। मार्च 2018 में अमन जैतो, अजय फरीदकोटिया, जसप्रीत उर्फ लाडी ने सिविल लाइंस बठिंडा से बंदूक के बल पर एक बलेनो कार भी छीनी थी। इसके अलावा कई अन्य मामले भी हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें