व्यापारियों की मांग के बाद मेयर राजेश कालिया ने देर शाम घोषणा कर दी कि दीवाली पर सबसे बेहतर मार्केट, जो सजेगी उसको 10 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे नंबर पर आने वाली मार्केट को सात लाख व तीसरे स्थान पर आने वाले बाजार का पांच लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। व्यापार मंडल के सदस्यों ने दीपावली पर बेहतर सजावट करने वाली मार्केटों को सम्मानित करने की मांग की।
कहा कि इससे दुकानदारों का मनोबल बढ़ता है। यह पुरानी परंपरा भी रही है, इसलिए निगम को आगे बढ़कर इस आयोजन को कराना चाहिए। सदस्यों ने मांग की कि दुकानों के सामने जो वेंडरों को बैठाने के लिए मार्किंग की जा रही है। उसे न कराया जाए। क्योंकि वेंडिंग कमेटी की बैठक में तय हो चुका है कि दुकानों के सामने वेंडरों को न बैठाया जाए। व्यापारियों की मांग के बाद मेयर राजेश कालिया ने पुरानी परंपरा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया।
कमिश्नर से मिले व्यापार मंडल के सदस्य
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के सदस्य मंगलवार को सेक्टर 22 ए-बी एरिया और सेक्टर 17 में पोस्ट ऑफिस के पास स्टॉल लगाने की अनुमति देने की मांग को लेकर मंगलवार को कमिश्नर केके यादव व मेयर राजेश कालिया से मिलने पहुंचे। कमिश्नर ने सदस्यों की बात सुनने के बाद सीनियर स्टैंडिंग काउंसिल से मामले में अपनी राय देने को कहा है। सुझाव मिलने के बाद अनुमति देने पर विचार किया जाएगा। इस मौके पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल बोहरा, जनरल सेक्रेटरी संजीव चड्ढा, नॉमिनेटेड पार्षद चरनजीव सिंह, सेक्रेटरी हरजीत सिंह आदि रहे।