चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की तरफ से अवैध निर्माण के खिलाफ शहर में ड्राइव चलाई जा रही है। बोर्ड अगर किसी के घर में बने अवैध निर्माण को तोड़ता है तो तोड़ने की पूरी प्रक्रिया में आई लागत को भी मकान मालिक से ही वसूला जाता है। ऐसे अब तक 21 लाख से ज्यादा रुपये के नोटिस भेजे गए हैं, जिनमें से करीब साढ़े 10 लाख सीएचबी वसूल भी चुका है।
सीएचबी के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक अलॉटियों से 10.52 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है, लेकिन अभी भी 10.79 लाख रुपये की रिकवरी नहीं आई है। सीएचबी उन 173 लोगों को डिमांड नोटिस भेज चुका है, जिनके घरों से बोर्ड द्वारा पिछले कुछ महीनों से वाएलेशन हटाई गई है। इसमें से 87 लोगों ने रिकवरी राशि जमा करवा दी है, जबकि 86 लोगों ने अभी तक रकम जमा नहीं करवाई है। बोर्ड द्वारा 1 अगस्त 2019 से उन सभी लोगों को डिमांड नोटिस भेजने शुरू किए थे, जिनके घरों में ड्राइव चलाई गई थी। अधिकारी ने बताया कि ड्राइव पर मैनपॉवर व मशीनरी पर काफी खर्च आता है। यही कारण है कि उन्होंने लोगों से ही इस राशि को वसूलने का फैसला लिया था, ताकि लोग सख्ती की वजह से आगे निर्माण न करें।