सेवायोजन विभाग की ओर से पहली बार ऐसी सुविधा दी जा रही है, जिसे पढ़कर युवाओं के चेहरे खिलखिला उठेंगे। युवा जल्द से जल्द से आवदेन करें। जानने के लिए पढ़े पूरी खबर..
सेवायोजन विभाग की ओर से पहली बार युवाओं को बैंक परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। प्रदेश के तीन कार्यालयों में तीन माह के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होने वाली कोचिंग के लिए आवेदन करने की आज अंतिम तिथि है।
प्रत्येक कार्यालय में 40 युवाओं को कोचिंग दी जाएगी। ज्यादा आवेदन आने के कारण युवाओं का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह से देहरादून, हल्द्वानी और कोटद्वार में बैच शुरू होंगे।
इसके लिए 15 नवंबर से कार्यालय में युवा आवेदन कर रहे हैं। बताया कि अब तक 530 छात्र-छात्राओं के आवेदन आ चुके हैं। जिसमें से दून में 180, हल्द्वानी में 250 और कोटद्वार में 100 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। बताया कि ज्यादा आवेदन आने के कारण मेरिट के आधार पर युवाओं को सीटें दी जाएगी। बताया कि आवेदन करने के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही आयु सीमा 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।