त्योहार के समय यस बैंक के खाताधारकों का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले 50 हजार रुपये की निकासी का नियम बना, तो अब चेकों की क्लीयरेंस भी रोक दी गई है। शनिवार को औसतन आठ करोड़ रुपये के चेकों का भुगतान रोक दिया गया।
बैंक के खाताधारकों का दर्द बढ़ता जा रहा है। दूसरे दिन भी चारों शाखाओं में कतार लगी देखी गई। बैंक के पांच एटीएम पहले ही खाली हो चुके थे। सुबह शाखा खुलने से पूर्व ही ग्राहक बाहर खड़े होने शुरू हो गए। शटर खुलते ही लाइन में लग गए। समय बढ़ने के साथ भीड़ और बढ़ती जा रही थी। बीच बीच में हंगामा भी होता रहा।
यस बैंक के खाते में करीब 2.5 लाख रुपया जमा है। परिवार में जरूरी खर्चे आने पर मैं अपना ही पैसा नहीं निकाल पा रही हूं। यह नियम जल्द समाप्त होना चाहिए।
सीमा अग्रवाल
त्योहार का समय है। इस समय पैसों की जरूरत पड़ती है। क्या यह दिन देखने के लिए लोग बैंकों में पैसे डालते हैं। अपने ही पैसे के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
शिवा