बारिश के चलते फसल को नुकसान होने से पूरे देश में सब्जियों के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। इससे सब्जी खरीदना आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रहा है। गरीब आदमी की प्लेट से कई सब्जियां दूर हो गई हैं।
सबसे बुरा असर टमाटर पर पड़ा है। इसके दाम इतने बढ़ गए हैं कि ये लोगों की सब्जी और सलाद की प्लेट से दूर हो गया है। फिलहाल होलसेल में इसके भाव 50 रुपये प्रतिकिलो के पार चले गए हैं। रिटेल में भी टमाटर 80 रुपये के पार बिक रहा है।
महाराष्ट्र में भी बढ़े दाम
देश में सबसे ज्यादा टमाटर महाराष्ट्र में पैदा होता है। वहां भी कमजोर सप्लाई के चलते थोक के साथ-साथ रिटेल मंडियों में भी इनके दाम काफी बढ़ गए हैं। सब्जी उत्पादकों के सबसे बड़े संघ वीजेएआई के अधिकारियों के मुताबिक महाराष्ट्र में टमाटर की 75 फीसदी फसल को नुकसान हो गया है।
बारिश के चलते इन सब्जियों पर पड़ा असर
बारिश के चलते और कमजोर सप्लाई के चलते अकेले टमाटर के दामों पर असर नहीं पड़ा है, बल्कि अन्य सब्जियों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते मटर के दाम 70 रुपये प्रतिकिलो से 120 रुपये के पार पहुंच गए हैं। वहीं बींस 50 से 70 रुपये प्रतिकिलो और गोभी जो दो हफ्ते पहले 50 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था, वो 70 के पार चला गया है।
वहीं पहाड़ी आलू 20 से 30 रुपये प्रति किलो, करेला 50 रुपये किलो, गाजर 60 रुपये किलो और खीरा 40 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहे हैं। नींबू के दाम भी 160 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गए हैं।