पिछले साल की तुलना में इस साल सितंबर में इस्पात की खपत 3.6 प्रतिशत घट गई है। एक रिपोर्ट में इसका जिक्र किया गया है। केयर रेटिंग्स के एक अध्ययन में कहा गया है कि इस साल सितंबर में इस्पात की खपत 82 लाख टन रही है, जो सितंबर 2019 की तुलना में तीन प्रतिशत कम है। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरान इस्पात का उत्पादन बढ़ा है। हालांकि, महीने के आधार पर इस्पात की खपत में 2.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सितंबर महीने में कच्चे इस्पात और तैयार इस्पात का उत्पादन क्रमश: 95 लाख टन और 90 लाख टन रहा, जो पिछले साल के समान महीने की तुलना में क्रमश: 8.7 प्रतिशत और 4.7 प्रतिशत अधिक है। जुलाई-सितंबर की तिमाही में घरेलू बाजार में तैयार स्टील की मांग में कमी आई है। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ स्टील की मांग और आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है और यह सरकार के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने से भी प्रेरित होगा। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) के लिए कच्चे इस्पात का उत्पादन 57.2 मिलियन टन था।