किस वित्त मंत्री ने दिया था सबसे छोटा बजट भाषण?
स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे छोटा बजट भाषण 1977 में हीरूभाई एम पटेल ने दिया था। उन्होंने केवल 800 शब्दों का अंतरिम बजट भाषण प्रस्तुत किया था। वहीं, सबसे छोटा पूर्ण बजट भाषण वाई बी चह्वाण का था, जिसमें करीब 9,300 शब्द थे। इस सूची में दूसरे स्थान पर मोरारजी देसाई का भाषण आता है, जो लगभग 10,000 शब्दों का था।
शब्दों के लिहाज से किसका बजट भाषण सबसे लंबा था?
शब्दों की संख्या के आधार पर सबसे लंबा बजट भाषण 1991 में मनमोहन सिंह ने दिया था, जिसमें करीब 18,700 शब्द थे। इसके बाद यशवंत सिन्हा का बजट भाषण आता है, जो लगभग 15,700 शब्दों का था।
मोरारजी देसाई ने सबसे ज्यादा 10 बार आम बजट पेश किया
अब तक सबसे ज्यादा बार आम बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के नाम है, जिन्होंने 10 बार बजट प्रस्तुत किया। इसके बाद पी. चिदंबरम और प्रणव मुखर्जी ने नौ बार बजट पेश किया। यशवंतराव चह्वाण, सीडी देशमुख और यशवंत सिन्हा ने सात बार, जबकि मनमोहन सिंह और टीटी कृष्णमाचारी ने छह बार आम बजट पेश किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 23 जुलाई 2024 को लगातार सातवीं बार बजट पेश किया था। इससे पहले 1 फरवरी 2024 को उन्होंने अंतरिम बजट प्रस्तुत किया था। इस वर्ष वह लगातार नौवीं बार बजट पेश करेंगी।