देश के वाहन उद्योग पर भी कोरोनावायरस का असर दिखने लगा है। अगर इसे काबू नहीं किया गया तो उद्योग के लिए भयावह स्थिति उत्पन्न हो जाएगी और सभी श्रेणी के वाहनों का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होगा। वाहन उद्योग निकाय सोसायटी ऑफ इंडियन मोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बुधवार को कहा कि कई भारतीय वाहन निर्माता कंपनियां उत्पादन से जुड़े करीब 10 फीसदी कच्चे माल का आयात चीन से करती हैं। ऐसे में वहां से कच्चे माल की आपूर्ति ठप होने से वाहन उत्पादन गंभीर रूप से प्रभावित होगा।
सियाम के अध्यक्ष राजन वढेरा ने कहा कि भारतीय वाहन उद्योग ने चीनी नव वर्ष को ध्यान में रखते हुए पहले से ही वहां से आने वाले कलपुर्जों की अच्छी खासी इन्वेंट्री जमा की थी, लेकिन चीन में इस समय जो लॉकडाउन है, उससे बीएस-6 मानक उत्सर्जन मानक वाले वाहनों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। कलपुर्जों की आपूर्ति प्रभावित होने से हर तरह के यात्री वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों पर भी असर पड़ने की आशंका है।
इसके अलावा, इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन भी गंभीर रूप से प्रभावित होगा क्योंकि इसके लिए पावर पैक वहीं से आता है।
वढेरा ने कहा कि वाहन निर्माता कंपनियां अपनी आपूर्ति श्रृंखला मांगों को पूरा करने के लिए विकल्प तलाश रही हैं। लेकिन स्थिर उत्पादन पैमाने तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लगेगा क्योंकि पहले इन कलपुर्जों की जांच करनी होगा और मानक पर खरा उतरने पर ही आयात होगा। उन्होंने कहा कि उद्योग के विशिष्ट सिफारिशों के साथ सियाम केंद्र सरकार के संपर्क में है। इस संबंध में जो भी निर्देश मिलेगा, उस पर अमल होगा।
नई क्रेटा की एक सप्ताह में 10,000 बुकिंग
ह्यूंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी नई क्रेटा की एक सप्ताह में ही 10,000 से ज्यादा बुकिंग प्राप्त कर ली है। यह अगले सप्ताह भारतीय बाजार में पेश होगी। कंपनी ने पिछले महीने ऑटो एक्सपो में क्रेटा नेक्स्ट जेनरेशन से पर्दा उठाया था। कंपनी के निदेशक (सेल्स, मार्केटिंग, सर्विस) तरुण गर्ग ने बुधवार को कहा, नई क्रेटा के लिए देशभर से ग्राहकों की प्रतिक्रिया मिल रही है।
शक्तिशाली प्रदर्शन वाली यह कार ब्लू लिंक स्मार्ट तकनीक और उन्नत कनेक्टिविटी से लैस है। यह पुराने मॉडल से काफी आरामदायक है। इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल, 1.4 लीटर टर्बो चार्ज्ड पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल इंजन है, जो बीएस-6 मानक अनुरूप हैं। यह मैनुअल और ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन दोनों में उपलब्ध होगी।