घरेलू बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में दो दिन की गिरावट के बाद कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शेयर बाजार हरे निशान के साथ खुला। लेकिन जल्द ही बिकवाली के दबाव के कारण ये कमजोर पड़ गए। हालांकि खरीदार फिर लौटे और बेंचमार्क सूचकांक हरे निशान पर लौटने में सफल रहे। इस दौरान, विदेशी पूंजी की भारी निकासी ने निवेशकों के बीच चिंता दिखी। सुबह 11 बजकर 39 मिनट पर सेंसेक्स 221.86 (0.28%) अंक चढ़कर 77,838.27 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, निफ्टी 66.80 (0.28%) अंक मजबूत होकर 23,593.30 के स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले, बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 270.76 अंक चढ़कर 77,890.97 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 69.5 अंक की बढ़त के साथ 23,596 अंक पर रहा। हालांकि, जल्द ही दोनों सूचकांक लाल निशान में आ गए। बीएसई सेंसेक्स 306.07 अंक की गिरावट के साथ 77,313.56 अंक पर जबकि निफ्टी 112.10 अंक फिसलकर 23,412.45 अंक पर कारोबार करने लगा।
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में चार प्रतिशत की तेजी आई। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और नेस्ले के शेयर भी लाभ में रहे। इंडसइंड बैंक, जोमैटो, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स और पावर ग्रिड के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहा जबकि हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्की नुकसान में रहे।
रुपया फिर टूटा
अमेरिकी मुद्रा में मजबूती तथा विदेशी पूंजी की भारी निकासी के बीच रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.87 पर आ गया। रुपया गुरुवार को को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.86 पर बंद हुआ था।इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 109.03 पर रहा। 10-वर्षीय अमेरिकी बॉण्ड का प्रतिफल भी बढ़कर 4.68 प्रतिशत हो गया।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77.16 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशों में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने भी भारतीय मुद्रा पर दबाव डाला, हालांकि घरेलू शेयर बाजारों से सकारात्मक संकेतों से इसे कुछ समर्थन मिला।