घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। शुरुआती कारोबार में मजबूती के बाद बाजार हरे निशान से लाल निशान पर पहुंच गया। दिन के ऊपरी स्तरों से सेंसेक्स में 650 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 22450 के नीचे पहुंच गया। इस दौरान, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में बड़ी गिरावट दिखी।
सेंसेक्स के शेयरों में पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस में उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, टाइटन, लार्सन एंड टूब्रो और मारुति सुजुकी इंडिया में गिरावट हुई।
शुक्रवार को सपाट बंद हुआ था बाजार
बीते सप्ताह शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स दो दिनों की बढ़त के बाद 7.51 अंक फिसलकर 74,332.58 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान एक समय यह 246.34 अंक चढ़कर 74,586.43 पर पहुंच गया था। हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचसेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 7.80 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 22,552.50 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय निफ्टी 89 अंक बढ़कर 22,633.80 के स्तर पर पहुंच गया था।