खाद्य कीमतों में नरमी से जुलाई में कृषि और ग्रामीण कामगारों के लिए खुदरा महंगाई घटकर क्रमश: 6.58 फीसदी और 6.53 फीसदी रही। श्रम मंत्रालय के बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सीपीआई-एएल (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक- कृषि मजदूर) और सीपीआई-आरएल (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक-ग्रामीण मजदूर) पर आधारित महंगाई जून में क्रमश: 7.16 फीसदी और 7 फीसदी थी।
सीपीआई-एएल और सीपीआई-आरएल के खाद्य सूचकांक पर आधारित महंगाई जुलाई क्रमश: 7.83 फीसदी और 7.89 फीसदी दर्ज की गई। मंत्रालय ने कहा, जुलाई में खेतिहर और ग्रामीण मजदूरों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक क्रमश: तीन एवं चार अंक बढ़कर 1,021 और 1,028 अंक पर पहुंच गए।
श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने कहा, कोविड-19 महामारी के कारण बने प्रतिकूल परिस्थिति के बावजूद सरकार की ओर से किए गए उपाय इस अवधि में महंगाई को काबू करने में सक्षम रहे।