प्रापर्टी सलाहकार फर्म जेएलएल इंडिया के मुताबिक कोरोना वायरस महामारी के चलते चालू पंचांग वर्ष की पहली तिमाही जनवरी-मार्च 2020 के दौरान देश के आठ प्रमुख शहरों में वेयर हाउसिंग मांग 29 फीसदी घटकर 59 लाख वर्ग फुट और नई आपूर्ति 14 फीसदी घटकर 90 लाख वर्ग फुट रह गई है। ये आठ शहर अहमदाबाद, बंगलूरू, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई, दिल्ली-एनसीआर और पुणे हैं।
जेएलएल इंडिया का अनुमान है कि वर्ष 2020 की दूसरी तिमाही में मांग सीमित बनी रहेगी और कोविड-19 महामारी के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए लागू लॉकडाउन के कारण नई आपूर्ति भी स्थगित रहेगी। हालांकि, लॉकडाउन के बाद क्रमिक रूप से मांग बढ़ने की उम्मीद है।
लॉकडाउन के बाद घटेंगी मकान की कीमतें
हाल ही में रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म 99एकर्स डॉट कॉम ने एक सर्वे में खुलासा किया था कि 90 फीसदी खरीदारों को उम्मीद है कि लॉकडाउन के बाद मकानों के दाम घटेंगे। इसके अनुसार, खरीदारों में से 40 फीसदी लॉकडाउन से पहले मकान खरीदना चाहते थे, लेकिन सस्ते होने की उम्मीद में इन्होंने अभी खरीदारी को टाल दिया है। वहीं, 60 फीसदी एक साल के भीतर मकान खरीदने की योजना बना रहे हैं।
सर्वे में शामिल 59 फीसदी ने बाजार में अनिश्चितता और 30 फीसदी ने वित्तीय कारणों से खरीदारी को टाल दिया है। 31 फीसदी ने कहा, अचल संपत्ति अब भी निवेश का सबसे अच्छा विकल्प है। इसके बाद 24 फीसदी ने एफडी, 24 फीसदी ने गोल्ड और 21 फीसदी ने शेयर बाजार में निवेश को बेहतर बताया। कंपनी ने कहा, सर्वे दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई, लखनऊ के 1,761 मकान खरीदारों से बातचीत पर आधारित है।
संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 4213 नए मामले सामने आए हैं और 97 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 67,152 हो गई है, जिनमें 44,029 सक्रिय हैं, 20,917 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2206 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज राजस्थान में 126, ओडिशा में 14, बिहार में 11, कर्नाटक में 10 और आंध्र प्रदेश में 38 नए मामले दर्ज किए गए हैं।