केंद्र सरकार अपनी अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम को प्राइवेट बिल्डरों के जरिए पूरा करने में लग गई है। शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडु अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत बनने जा रहे दो लाख से अधिक मकानों की आधार शिला अहमदाबाद में रखेंगे। यह पहली बार होगा जब इतनी बड़ी संख्या में केंद्र सरकार इन मकानों का निर्माण प्राइवेट बिल्डरों के सहयोग से करा रही है।
प्राइवेट बिल्डरों के साथ हरेक को घर देने का सपना होगा पूरा
केंद्र सरकार इस वक्त पीएम नरेंद्र मोदी के 2020 तक सबको घर देने के सपने को पूरा करने में लगी है। इसके लिए केंद्र सरकार प्राइवेट बिल्डरों के एसोसिएशन के साथ मिलकर काम कर रही है। सरकार के इस कदम से रियल एस्टेट सेक्टर में भी काफी उम्मीदें जग गई हैं।
हरेक को अगले चार साल में मिलेगा घर
क्रेडाई के अध्यक्ष गीतांबर आनंद ने amarujala.com से बात करते हुए कहा कि यह दो लाख मकान अगले चार साल में बनकर तैयार होंगे। सरकार के साथ जुड़कर इसमें हम उन सभी लोगों को मकान देंगे जिन्होने पीएम आवास योजना या फिर ईडब्लूएस कोटे के तहत आवेदन किया है। इस स्कीम के तहत 643 वर्ग फीट का कारपेट एरिया मिलेगा जो कि 900 वर्ग फीट बिल्ट अप एरिया के बराबर होगा।
सस्ते घर दिलाने में क्रेडाई बनेगा नोडल एजेंसी
आनंद ने बताया कि क्रेडाई सरकार के साथ मिलकर के इस योजना को साकार करेगा। इसके लिए क्रेडाई नोडल एजेंसी की भूमिका निभा रहा है। इसमें 12 लाख रुपये से लेकर के 35 लाख रुपये के बीच लोगों को मकान मिलेंगे। शहरी आवास मंत्रालय से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार की मंशा है कि वो रियल एस्टेट सेक्टर में लगे बिल्डर्स की मदद ले क्योंकि वो ही पीएम के इस सपने को अमली जामा पहुंचाने में मदद कर सकते हैं।