लॉकडाउन हटाए जाने के बाद मांग में सुधार होने के बावजूद भी जुलाई से सितंबर के दौरान देश के सात प्रमुख शहरों में आवासीय इकाइयों की बिक्री सालाना आधार पर 35 फीसदी घट कर 50,983 इकाइयों पर आ गई है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
एक साल पहले हुई थी 78,472 इकाइयों की बिक्री
डाटा का विश्लेषण करने वाली कंपनी प्रॉप इक्विटी ने कहा कि साल भर पहले इसी अवधि के दौरान देश के सात प्रमुख शहरों- दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), चेन्नई, कोलकाता, बंगलूरू, हैदराबाद और पुणे में 78,472 इकाइयों की बिक्री हुई थी।
अप्रैल-जून तिमाही की तुलना में तेजी
हालांकि, अप्रैल-जून तिमाही की तुलना में आवासीय इकाइयों की बिक्री में दो गुना से अधिक तेजी आई है। इस साल की अप्रैल-जून तिमाही में इन शहरों में 24,936 इकाइयों की बिक्री हुई थी। प्रॉपर्टी परामर्शदाता कंपनी एनारॉक ने पिछले सप्ताह कहा था कि इन सात शहरों में जुलाई से सितंबर के दौरान सालाना आधार पर आवायीय इकाइयों की बिक्री 46 फीसदी कम होकर 29,520 पर आ गई है।
त्योहारों में छूट की पेशकश करेंगे डेवलपर
प्रॉप इक्विटी के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) समीर जसुजा ने कहा था कि, 'भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर में कुछ सुधार दिख रहा है। पिछली तिमाही में कई परियोजनाएं शुरू हुई हैं।' उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय डेवलपर अधिक छूट तथा भुगतान के आकर्षक विकल्पों जैसी पेशकश करेंगे, जिनके कारण आगे भी ग्राहकों के आकर्षित होते रहने की उम्मीद है।
दूसरी तिमाही में सनटेक रियल्टी का बढ़िया प्रदर्शन
रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी सनटेक रियल्टी लिमिटेड ने कोरोना वायरस महामारी के बाद भी दूसरी तिमाही में बढ़िया प्रदर्शन किया है। आलोच्य तिमाही के दौरान कंपनी की बिक्री बुकिंग 96 फीसदी की वृद्धि के साथ 200 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। कंपनी ने कहा कि साल भर पहले उसकी बिक्री बुकिंग 102 करोड़ रुपये थी। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान कंपनी की संपत्तियों की बिक्री में पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 301 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में 287 करोड़ रुपये थी।