कोरोना वायरस महामारी के कारण साल 2020 में रियल्टी उद्योग को काफी नुकसान हुआ है। उद्योग इससे उबरने की कोशिश क रहा है। महामारी से लोगों में काफी बदलाव आया है। अब लोग शहरों के बाहर घर खरीदना चाहते हैं। ऐसे में बिल्डर्स भी शहर की बाहरी परिधि में घर बनाकर बेच रहे हैं।
सात शहरों में घरों की 1.49 लाख इकाइयां लॉन्च
संपत्ति क्षेत्र की सलाहकार कंपनी एनारॉक की रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि वित्त वर्ष 2020-2021 में देश के शीर्ष सात शहरों में घरों की 1.49 लाख इकाइयां लॉन्च की गईं। इन लॉन्च की गई इकाइयों में से 58 फीसदी इकाइयां शहर की बाहरी परिधि में थीं। वहीं कोरोना से पहले की बात करें, तो वित्तीय वर्ष 2018-19 में शहरों की परिधि में 51 फीसदी इकाइयां लॉन्च हुई थीं।
पुणे और मुंबई रहे सबसे आगे
रिपोर्ट के अनुसार, शहर की बाहरी परिधि में ज्यादा घर बनाने के मामले में पुणे और मुंबई सबसे आगे रहे। 2020-21 में पुणे के बाहरी इलाकों में 76 फीसदी इकाइयां लॉन्च की गईं। महामारी के दस्तक देने से पहले साल 2018-19 में पुणे में 67 फीसदी इकाइयां लॉन्च की गई थीं। मुंबई की बात करें, तो मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में 2020-21 में शहर के बाहरी इलाकों में 67 फीसदी इकाइयां बनीं। साल 2018-19 में यह आंकड़ा 60 फीसदी था।
बदली घर खरीदने वालों की प्राथमिकताएं
इस संदर्भ में एनारॉक के अध्यक्ष अनुज पुरी ने कहा कि, 'महामारी की वजह से घर खरीदने वालों की प्राथमिकताएं बदल गई हैं। लोग पहले 'वॉक-टू-वर्क' की नीति के साथ घर खरीदते थे। लेकिन अब लोग दूर हरियाली में किफायती घर खरीदना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए डेवलपर्स भी कम प्रदूषण वाले क्षेत्रों को चुन रहे हैं।'
छह शहरों की परिधि में बने इतने नए घर
शहर 2020-21 2018-19
पुणे 76 67
मुंबई 67 60
एनसीआर 57 49
चेन्नई 54 44
बंगलूरू 46 37
हैदराबाद 45 45
(आंकड़े फीसदी में)