पूरे देश में दिल्ली-एनसीआर के प्रॉपर्टी मार्केट का सबसे बुरा हाल है। यहां पर सबसे ज्यादा अनसोल्ड इन्वेंटरी अभी भी पड़ी हुई है। जेएलएल इंडिया की सहायक ईकाई और रियल एस्टेट एक्सपर्ट एनारॉक प्रॉपर्टी द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार प्रॉपर्टी के दाम गिरने के बाद भी अभी तक इसमें रिकवरी नहीं आई है।
आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर में लोग प्रॉपर्टी खरीदेंगे, इस पर भी अभी संशय बना हुआ है। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में स्थिति काफी बेहतर है। एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि दिल्ली एनसीआर में सबसे बुरा हाल ग्रेटर नोएडा का है।
इसके बाद गुड़गांव का नंबर आता है, जहां पर अनसोल्ड इन्वेंटरी सबसे ज्यादा पड़ी हुई है। गुड़गांव के बाद नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद का नंबर आता है।
इस वजह से है सबसे ज्यादा हालत खराब
नोटबंदी, रेरा और जीएसटी के चलते दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे देश में प्रॉपर्टी मार्केट पर सबसे ज्यादा इफेक्ट पड़ा था। इसके बाद बिल्डरों द्वारा प्रोजेक्ट को पूरा करने में हो रही देरी और पजेशन न मिलना भी एक बड़ी वजह बना है।
इसके साथ ही बड़े बिल्डर जैसे कि जेपी, आम्रपाली, सुपरटेक आदि पर कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। अभी भी कई नामचीन डेवलपर्स के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में मुकदमे चल रहे हैं। इसके बाद नोटबंदी, रेरा कानून का लागू होना दूसरी सबसे बड़ी वजह बन कर उभरा है।
हालांकि रेरा के तहत नए प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए पहले से टाइमलाइन बनी हुई है। तीसरी वजह जीएसटी है, जिससे कीमतों में थोड़ा सा उछाल आया है।