राष्ट्रीय राजधानी में आवासीय बिक्री में 50 फीसदी गिरावट
नाइट फ्रैंक इंडिया ने कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में आवासीय बिक्री बीते वर्ष के दौरान सालाना आधार पर 50 फीसदी घटकर 21,234 इकाई रह गई। रिपोर्ट में कहा गया कि 2020 में आठ प्रमुख शहरों में आवासीय संपत्तियों की बिक्री घटकर 1,54,534 इकाई रह गई, जो इससे पिछले साल 2,45,861 इकाई रही थी।
क्या कहते हैं आंकड़े?
- सभी आठ प्रमुख शहरों में आवासीय बिक्री में गिरावट आई, जिसमें अहमदाबाद में मांग में सबसे ज्यादा गिरी, वहीं पुणे में सबसे कम गिरावट रही।
- आवासीय बिक्री के लिहाज से अहमदाबाद सबसे बुरी तरह प्रभावित रहा जहां बिक्री 61 फीसदी घटकर 6,506 इकाई रह गई।
- आंकड़ों के अनुसार पुणे में बीते साल आवासीय बिक्री 18 फीसदी घटकर 26,919 इकाई रह गई, जो इससे पिछले साल 32,809 इकाई थी।
- इसी तरह मुंबई में बिक्री 20 फीसदी घटी।
- रिपोर्ट में कहा गया कि संपत्तियों के पंजीकरण पर अस्थाई रूप से स्टांप शुल्क में कटौती के बाद 2020 के अंतिम चार महीनों के दौरान मुंबई और पुणे में बिक्री बढ़ी।
- दिल्ली-एनसीआर में 2020 के दौरान आवासीय बिक्री 50 फीसदी घटकर 21,234 इकाई रह गई, जो इससे पिछले साल में 42,828 इकाई थी।
- समीक्षाधीन अवधि के दौरान बंगलूरू में मांग 51 फीसदी घटकर 23,079 इकाई रह गई।