दुनिया में चीन के बाद भारत अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा व्यापार सहयोगी देश है। दोनों देशों के बीच 2018 में माल व सेवा व्यापार 142.6 बिलियन डॉलर (10.12 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गया था। अमेरिका का भारत के साथ 2019 में 23.2 बिलियन डॉलर (1.65 लाख करोड़ रुपए) का व्यापार घाटा था।
पिछले साल भारत से छीना था विशेष दर्जा
राष्ट्रपति ट्रंप ने 2019 में भारत से जनरलाइज्ड सिस्टम ऑफ प्रिफरेंसेंज (जीएसपी) का दर्जा छीन लिया था। 1970 के दशक में भारत को यह दर्जा मिला था। अमेरिका ने यह कदम तब उठाया था, जब भारत ने आयात की जाने वाली अमेरिकी मेडिकल डिवाइस, कार्डियक स्टेंट और घुटने के प्रत्यारोपण जैसे उपकरणों पर आयात शुल्क बढ़ा दिया था। साथ ही भारत ने ई-कॉमर्स कंपनियों पर भी प्रतिबंध लागू किया था। अब ट्रंप की 24-25 फरवरी को होने वाली यात्रा से यह उम्मीद जागी है कि भारत द्वारा टैरिफ में कुछ कटौती करने से जीएसपी दर्जा फिर से मिल सकता है।
रॉबर्ट लाइटहाइजर का दौरा रद्द
ट्रंप के दौर से पहले अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटहाइजर का दौरा रद्द हो गया है। वह वाणिज्य मंत्रालय के साथ सीमित व्यापार समझौते पर वार्ता के लिए यहां आने वाले थे। लाइटहाइजर के न आने से ट्रंप की मौजूदगी में इस समझौते पर दस्तखत होने को लेकर भी रुख स्पष्ट नहीं हुआ है। पिछले कुछ हफ्तों में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और लाइटहाइजर में टेलीफोन पर कई दौर की बातचीत हो चुकी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत दौरे को यादगार बनाने में गुजरात सरकार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। अहमदाबाद की मेयर बिजल पटेल ने बताया कि 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं समेत 50,000 से ज्यादा लोगों के शामिल की उम्मीद है। इसमें 300 संगठनों और गैर सरकारी संगठनों के स्वंयसेवी भी शामिल होंगे।
इस दौरान अलग-अलग राज्यों से आए लोग पारंपरिक पोशाक धारण करेंगे। उन्होंने कहा कि शायद शहर का यह सबसे लंबा रोड शो हो। अहमदाबाद नगर निगम को मिले रूट प्लान के मुताबिक ट्रंप और मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सबसे पहले साबरमती आश्रम पहुंचेंगे। इसके बाद हवाई अड्डे के पास बने इंदिरा पुल जरिये एसपी रिंग रोड से मोटेरा में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम जायेंगे। स्टेडियम की क्षमता 1.10 लाख लोगों के बैठने की है। यहां दोनों लोगों को संबोधित करेंगे।