नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) के अपडेटेड वर्जन को लांच कर दिया है। इस अपडेटेड वर्जन का काफी लंबे समये से इंतजार किया जा रहा था। मुंबई में गुरुवार को इस वर्जन को भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल, भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन रजनीश कुमार और इंफोसिस के गैर-कार्यकारी चेयरमैन नंदन निलेकणी ने लांच किया था।
कारोबारियों को मिली कई सौगातें
एनपीसीआई ने यूपीआई के वर्जन 2.0 में कारोबारियों की सुविधा के लिए कई नई सौगातें दी हैं। अब कारोबारियों को अपने यूपीआई खाते पर ही ओवरड्राफ्ट की सुविधा मिलेगी। अभी मिल रही चालू व बचत खाते के अलावा यह सुविधा अतिरिक्त तौर पर मिलेगी।
वन टाइम मेनडेट
कारोबारी अभी पैसा ने भेजने की स्थिति में बाद में भी ऐसा करने का वादा कर सकते हैं। यह सुविधा आम लोगों को मिलेगी। जिस तारीख को भुगतान करने की बात कही जाएगी, उस दिन उसका पेमेंट हो जाएगा।
मिलेगा ई-मेल पर इनवॉयस
एनपीसीआई के मुताबिक ग्राहकों को अपने ई-मेल आईडी पर ही इनवॉयस मिलेगा। इससे ग्राहकों को पेमेंट करने पर वेरिफाई करने में आसानी होगी और उनको पता लग सकेगा कि सही व्यक्ति या फिर दुकानदार को पेमेंट किया है या नहीं।
इन बैंकों ने मिलाया हाथ
यूपीआई के अपडेटेड वर्जन में एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीबीआई बैंक, आरबीएल बैंक, यस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, फेडरल बैंक और एचएसबीसी ने हाथ मिलाया है। यूपीआई 11 अप्रैल 2016 को लांच किया गया था। पिछले दो साल में भीम यूपीआई लोगों के बीच काफी प्रसिद्ध हो गया है। अकेले जुलाई में ही केवल 45845 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन इसके माध्यम से हुए हैं।