सरकार साइबर सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए नए नियम बनाने जा रही है। इन नियमों के तहत सभी आईटी कंपनियों में साइबर सुरक्षा अधिकारी रखना अनिवार्य होगा। सरकार देश की बैंकिंग प्रणाली, बिजली प्रणाली की साइबर सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं चाहती है।
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी व कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा है कि भारत में साइबर सुरक्षा तंत्र सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि वह देश को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हमारा साइबर सुरक्षा तंत्र अच्छा है और उसे और मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्विटर एकाउंट को हैक करने के मामले में मचे बवाल पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कभी-कभी होती हैं, लेकिन हम इस पर त्वरित कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का ट्विटर एकाउंट हैक करने के मामले में दोषी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सरकार एकाउंट हैकिंग की जांच में पूरा सहयोग करेगी।