बिन्नी बंसल ने कर्मचारियों को लिखे पत्र में कहा वो फिलहाल कंपनी के सबसे बड़े शेयर धारक बने रहेंगे और निदेशक बोर्ड में सदस्य के तौर पर काम करते रहेंगे। बिन्नी ने कर्मचारियों को भेजे गए एक ई-मेल में कहा है कि अपने ऊपर लगे आरोपों से वह सन्न हैं और वह इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हैं।
बंसल ने कहा, 'पिछले कुछ समय से मैं फ्लिपकार्ट समूह के ऑपरेटिंग रोल से अलग होने पर विचार कर रहा था। वॉलमार्ट के साथ सौदा पूरा होने के बाद कुछ और समय तक मौं अपने पद पर रहना चाहता था, लेकिन हाल में व्यक्तिगत स्तर पर घटी कुछ घटनाओं के चलते मुझे जल्दी फैसला लेना पड़ा।'
ई-मेल के अंत में उन्होंने लिखा, 'सालों तक मुझपर विश्वास जताने के लिए आप सबका आभारी हूं। उम्मीद करता हूं कि आने वाले समय में फ्लिपकार्ट और बड़ी ऊंचाइयों को छुएगा।'
बिन्नी ने अपने मित्र सचिन बंसल के साथ फ्लिपकार्ट की स्थापना की थी। सचिन ने कंपनी के बिकने के समय ही पद से इस्तीफा दे दिया था। अब बिन्नी के इस्तीफे को भारतीय बाजार में अमेजन से प्रतिस्पर्धा के मामले में वालमार्ट को बड़ा झटका माना जा रहा है।
अब यह बने नए सीईओ
फ्लिपकार्ट समूह के सीईओ बिन्नी बंसल (37) के इस्तीफा के बाद अब कल्याण कृष्णमूर्ति कंपनी के सीईओ का पद संभालेंगे। अमेरिकी रिटेल कंपनी और फ्लिपकार्ट की नई पैतृक कंपनी वॉलमार्ट ने कहा कि अब इसमें मिंत्रा और जबांग को भी शामिल कर दिया गया है।
मिंत्रा और जबांग के सीईओ अनंत नारायणन पद पर बने रहेंगे, लेकिन वह कृष्णमूर्ति को रिपोर्ट करेंगे। वहीं, समीर निगम फोनपे के सीईओ बने रहेंगे। कल्याण और समीर दोनों बोर्ड को रिपोर्ट करेंगे।