अगले साल से ऑनलाइन रेल टिकट बुक कराना सस्ता हो सकता है। भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी ने इसके लिए अपनी कवायद शुरू कर दी है। रेल मंत्रालय ने सभी बैंकों को भी इसके लिए पत्र लिख दिया है।
ऐसे होगा सस्ता टिकट
अभी रेल टिकट को ऑनलाइन बुक कराने पर बैंक ट्रांजेक्शन चार्ज वसूलते हैं। यह चार्ज सभी तरह के डिजिटल माध्यम जैसे कि नेट बैंकिंग, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, मोबाइल वॉलेट और यूपीआई से टिकट बुक कराने पर लगता है। इससे यात्रियों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ता है। इसी को कम करने के लिए रेलवे ने अपनी तरफ से बैंकों को पत्र लिखा है।
इससे रेलवे को होगा फायदा
रेल मंत्रालय ने बैंकों को पत्र में लिखा है कि अगर वो ट्रांजेक्शन चार्ज को पूरी तरह से हटा देते हैं, या फिर इसको घटा देते हैं, तो रेलवे उनको अपनी तरफ से ज्यादा बिजनेस देगा। इससे रेलवे की विंडो बुकिंग पर लगने वाली लागत जहां कम होगी, वहीं यात्रियों को सस्ते में टिकट मिलेगा।