बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन और दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स वॉरेन बफे के साथ 28 साल के एक लड़के को प्राइवेट लंच करने का मौका मिला है। इसके लिए उक्त शख्स ने करीब 45 लाख डॉलर (32 करोड़ रुपये) खर्च किए हैं। यह राशि 2012 और 2016 के दौरान लगी रिकॉर्ड बोलियों से भी ज्यादा है।
वॉरेन बफे के साथ लंच करने के लिए ई-बे पर बोली निकाली गई थी। इसके लिए 17 लाख डॉलर का बेस प्राइस तय किया गया था। बोली से आने वाली रकम चैरिटी संस्था ग्लाइड फाउंडेशन को जाएगी। यह फाउंडेशन गरीबों, बेघरों और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद करता है।
इस शख्स का नाम जस्टिन सन है और यह क्रिप्टोकरेंसी कंपनी ट्रॉनिक्स का मालिक है। ट्रॉन क्रिप्टोकरेंसी दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी है। सन ने कहा कि वो इस इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ ले जाकर बफे के साथ लंच करेंगे। इसके साथ ही सन 88 साल के बफे को क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी गलतफहमी को दूर करेंगे। बफे क्रिप्टोकरंसी में भरोसा नहीं करते। वे बिटकॉइन को चूहे मारने की दवा से भी खतरनाक और झांसा देने वाला बता चुके हैं।
साल 2012 में बफे के साथ लंच करने की सबसे ऊंची बोली लगी गई थी। तब बफे के साथ लंच के लिए एक शख्स ने 3.46 मिलियन डॉलर रुपये खर्च किए थे। रुपये के हिसाब से ये रकम करीब 24 करोड़ रुपये है। पहली बार साल 2000 में नीलामी की गई थी, जब एक शख्स ने 25,000 डॉलर यानी 70 रुपये प्रति डॉलर के हिसाब से 17 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए थे।
वहीं पिछले साल 22 करोड़ 96 लाख रुपये में एक शख्स ने वॉरेन बफे के साथ लंच किया था। बफे के साथ लंच के लिए आपको कम से कम 25000 डॉलर खर्च करने होंगे। 70 रुपये प्रति डॉलर के हिसाब से यह रकम 17 लाख 50 हजार रुपये हुई।
जस्टिन अपने सात दोस्तों के साथ न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में स्थित स्मिथ एंड वॉलेंस्की रेस्टोरेंट में बफे के साथ लंच करेंगे। ग्लाइड फाउंडेशन के अध्यक्ष करेन हनराहन ने बताया, 'बफेट बेहद रोमांचित हैं। हमने उनसे बातचीत की है। उन्होंने इस नीलामी को तब तक जारी रखने के लिए प्रतिबद्धता जताई है, जब तक वह इसके लिए सक्षम हैं।' बफे लगातार 20 सालों से ऐसा कर रहे हैं।