अक्तूबर माह में 15 दिनों के त्योहारी सीजन के दौरान देश की दिग्गज रिटेलर कंपनी फ्लिपकार्ट और अमेजन की 31 हजार करोड़ रुपये (4.3 बिलियन डॉलर) की बिक्री हुई है।
विश्लेषकों के अनुमान के मुताबिक बिक्री का यह आंकड़ा अनुमान से 14 फीसदी कम है। यानी विश्लेषकों को 31 हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा की बिक्री की उम्मीद थी। इन दोनों कंपनियों की बिक्री का अनुमान पांच अरब डॉलर का था।
इस दौरान फ्लिपकार्ट की बिक्री का शेयर 64 फीसदी रहा। वहीं अमेजन नेट प्रमोटर स्कोर (NPS) के मामले में आगे रही। बता दें कि एनपीएस से ग्राहकों की वफादारी का पता चलता है।
इस संदर्भ में भारत में अमेजन के हेड अमित अग्रवाल ने कहा है कि, 'हमें खुशी है कि देश की नई डिजिटल इकोनॉमी बनाने में अमेजन बड़ा सहयोग कर रहा है।'
अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस ने कहा है कि भारत में कंपनी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अमेजन का भारत में कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इतना ही नहीं, बेजोस ने नियामक (रेग्युलेटरी) मजबूती की भी उम्मीद जताई है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में अमेजन के हेड अमित अग्रवाल की नेतृत्व क्षमता असाधारण है। अग्रवाल काफी अच्छा काम कर रहे हैं।
फ्लिपकार्ट से तुलना करें, तो अमेजन भारत में काफी खर्च कर रही है। बता दें कि साल 2016 में बेजोस ने कहा था कि कंपनी भारत में पांच अरब डॉलर का निवेश करेगी।