दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन और फ्लिपकार्ट ने अपने फेस्टिव सीजन सेल की तैयारी के लिए अपने आपूर्ति केंद्रों, डिलिवरी केंद्रों और ग्राहक सहयोग सेवा क्षेत्र में 1.4 लाख लोगों को अस्थायी रोजगार दिए हैं। दोनों कंपनियों की फेस्टिव सीजन सेल इस महीने की आखिर में शुरू हो रहा है।
अमेजन इंडिया ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसने अपने आपूर्ति केंद्रों, सामान छांटने वाले केंद्रों, डिलीवरी केंद्रों, सहयोगी नेटवर्क और ग्राहक देखभाल सेवा क्षेत्र में 90,000 लोगों को अस्थायी नौकरियां दी हैं। इसका मकसद ग्राहकों को सामान की तेजी से डिलिवरी सुनिश्चित करना है।
अमेजन ने अपने मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, चेन्नई, बंगलूरू, अहमदाबाद और पुणे में ये नौकरियां दी हैं। वहीं, वालमार्ट के स्वामित्व वाली कंपनी फ्लिपकार्ट ने भी अपने आपूर्ति केंद्रों, लॉजिस्टिक और ग्राहक सहयोग सेवा क्षेत्र में 50,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष नौकरियां दी है।
फ्लिपकार्ट ने एक बयान में कहा कि उसे उम्मीद है कि उसके बिग बिलियन डेज सेल में विक्रेता नेटवर्क के जरिए पिछले साल सृजित अप्रत्यक्ष रोजगार में इस साल 30 फीसदी की बढ़ोत्तरी होगी।
अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
अमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष (ग्राहक आपूर्ति) अखिल सक्सेना ने कहा कि इस साल हमने पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुनी संख्या में त्योहारी नौकरियों के अवसर सृजित किए हैं। इससे आने वाले त्योहारी सीजन में कंपनी की डिलीवरी क्षमता को समर्थन मिलेगा और ग्राहकों का अनुभव भी बेहतर होगा। वहीं, फ्लिपकार्ट समूह के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन के अनुसार ही नौकरियां दी गई हैं। इससे स्थानीय रोजगार एवं अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।