देश के सबसे बड़े डेयरी ब्रांड अमूल ने गूगल इंडिया को कानूनी नोटिस भेजा है। अमूल ने कहा है कि गूगल ने अपने सर्च इंजन पर कंपनी के फर्जी विज्ञापनों को चलाया और उससे कमाई भी की। लेकिन इससे आम जनता धोखाधड़ी का शिकार हो गई।
अमूल ब्रांड को संचालित करने वाली कंपनी गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने कहा है कि कई लोग अमूल के नाम का प्रयोग करके सिंतबर 2018 से गूगल पर फर्जी विज्ञापन चला रहे हैं। इन विज्ञापनों के लिए कंपनी अमूल फ्रैंचाइजी, अमूल पार्लर और अमूल डिस्ट्रीब्यूटर जैसे कीवर्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इन फर्जी विज्ञापनों के जरिए अमूल का नाम खराब हो रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि विज्ञापन देखकर लोग इसको सही समझ लेते हैं और डिस्ट्रीब्यूटर या पार्लर खोलने के लिए पैसा भी जमा करा देते हैं। गूगल अपने विज्ञापन प्लेटफॉर्म पर बिना बैकग्राउंड चेक किए केवल कमाई के मकसद से ऐसे फर्जी विज्ञापनों को चला देता है।
अमूल का कहना है फर्जी विज्ञापनों पर क्लिक करने के बाद फर्जी वेबसाइट्स पर लोगों से एक फॉर्म भरवाया जाता है। लोगों द्वारा फॉर्म भरने के बाद बैंक खातों में पैसा जमा करने को कहा जाता है। पैसा जमा करने के बाद जो लोग आवेदन करते हैं, उनके पास फोन कॉल आने बंद हो जाते हैं। इसके बाद लोग अमूल के आणंद स्थित मुख्य कार्यालय पर संपर्क करते हैं , जहां उन्हें उनके साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी मिलती है।