केंद्र सरकार अपने भीम (BHIM) ऐप को और ताकतवर बनाने जा रही है। अब इस ऐप के जरिए केवल अकाउंट में पैसा ट्रांसफर नहीं होगा, बल्कि अब आम आदमी ऐप की मदद से अपने सभी प्रकार के यूटिलिटी बिल का पेमेंट भी कर सकेंगे।
नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया (NPCI) जल्द ही भीम का अपग्रेडड वर्जन 1.4 लॉन्च करेगा, जिसमें 6 ऐसी खूबियां होंगी जो इसे मार्केट में पहले से मौजूद पेमेंट वॉलेट जैसे की पेटीएम, मोबीक्विक आदि से सीधी टक्कर लेगा।
इन बिलों का कर सकेंगे पेमेंट
भीम ऐप के नए वर्जन से आप अपने बिजली, टेलीफोन, एलपीजी, हॉउस टैक्स, डीटीएच, मकान या ऑफिस का किराया आसानी से दे सकेंगे। नए वर्जन में बार-बार रजिस्ट्रेशन नहीं कराना होगा। बस एक क्लिक में पेमेंट हो जाएगा।
नए ऐप में स्कैन करके पेमेंट करना भी आसान होगा। भीम दिव्यांगों की भी मदद करेगा। इस ऐप में वॉयस कंट्रोल भी होगा जिससे बोलने पर भी किसी को पेमेंट हो जाएगा। यानी बार-बार टाइप करने की झंझट से भी मुक्ति मिलेगी।
मिलेगा हर महीने का अकाउंट स्टेटमेंट
नए वर्जन में लोगों को हर महीने अकाउंट स्टेटमेंट भी मिलेगा। इससे लोगों को अपने मोबाइल में अलग-अलग वॉलेट डाउनलोड करने से भी मुक्ति मिलेगी। इस ऐप को अपने एटीएम कार्ड से सिंक कर सकते हैं। वहीं ऐप आपको यह भी रिमाइंडर कराएगा कि आपको बिल देने का टाइम आ गया है। शॉपिंग करनी है तो ऐप ये भी बताएगा कि आपके आसपास कहां सेल चल रही है।