देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडिया लिमिटेड (आरआईएल) राजस्व के मामले में सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। रिलायंस ने पिछले वित्त वर्ष में सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन को पछाड़ दिया है। यह खुलासा दोनों कंपनियों की ओर से बाजार नियामक को दी गई जानकारी से हुआ है।
पिछले 10 वर्षों से आईओसी सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली सरकारी कंपनी हुआ करती थी, लेकिन 201-19 में ओएनजीसी ने पीछे छोड़ दिया। उसे 22,671 करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ है। आईओसी ने 2017-18 में 22,189 करोड़ का लाभ कमाया था, जो बीते वित्त वर्ष 23.6 फीसदी कम हो गया। इसके उलट रिलायंस के लाभ में इस दौरान 13 फीसदी का उछाल आया, जो 2017-18 में 34,988 करोड़ रुपये था।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, वित्त वर्ष 2018-19 में आरआईएल का राजस्व 44.8 फीसदी की बढ़त के साथ 5.67 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, आईओसी के राजस्व में 28.03 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 5.28 लाख करोड़ रुपये रहा।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से भी आरआईएल सबसे बड़ी कंपनी है और मंगलवार को उसकी कुल पूंजी 8.52 लाख करोड़ रुपये रही। इस दौरान कंपनी के शेयरों का भाव 1,345 रुपये रहा। इतना ही नहीं कंपनी के पास सबसे ज्यादा 1.33 लाख करोड़ का कैश रिजर्व है, जबकि कर्ज के मामले में भी यह अव्वल है। आरआईएल पर अभी 2.87 लाख करोड़ रुपये कर्ज लदा हुआ है।