घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को हल्की गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 76.99 अंक की गिरावट के साथ 83,461.90 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23.15 अंक फिसलकर 25,452.95 पर कारोबार करता दिखा। बता दें कि बुधवार को भी शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला था।
विश्लेषकों का कहना है कि टैरिफ (शुल्क) से जुड़ी अनिश्चितता के कारण भी बाजार में सावधानी देखी जा रही है। वहीं आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टीसीएस आज अपने पहली तिमाही के नतीजे पेश करने वाली है, जिसे लेकर बाजार में उत्सुकता बनी हुई है।
क्या रहा सेंसेक्स कंपनियों का हाल?
सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में टाटा मोटर्स, इंफोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा घाटे में रहे। वहीं, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस जैसे शेयर बढ़त में रहे।
एनएसई के टॉप गेनर्स
एनएसई के टॉप लूजर्स शेयर
विदेशी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में, हांगकांग, सोल, चीन और जकार्ता हरे निशान में कारोबार कर रहे थे और केवल जापान लाल निशान में कारोबार कर रहा था। अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र में डॉव जोंस 217.54 अंक या 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 44,458.30 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 37.74 अंक या 0.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,263.26 पर और नैस्डैक इंडेक्स 192.87 अंक या 0.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ 20,611.34 पर बंद हुआ।
संस्थागत मोर्चे पर, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) 9 जुलाई को 77 करोड़ रुपए के शेयरों के शुद्ध खरीदार रहे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) भी उसी दिन 920 करोड़ रुपए के के शेयरों के शुद्ध खरीदार रहे।
रुपया को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे की बढ़त
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये ने उतार-चढ़ाव भरा लेकिन सीमित दायरे में कारोबार किया। अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता में मामूली प्रगति और भारतीय निर्यातों पर शुल्क की समय सीमा बढ़ाए जाने से बाजारों को अल्पकालिक राहत मिली है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 85.62 पर खुला। फिर 85.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.73 पर स्थिर बंद हुआ था।