पूरी दुनिया में कोरोना वायरस की वजह से लगे लॉकडाउन के काऱण वैश्विक अर्थव्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। वैश्विक स्तर पर बड़ी से बड़ी कंपनियों को भारी घाटा सहना पड़ रहा है। इसी कड़ी में पुरे दुनिया में फास्ट फूड के लिए प्रसिद्ध McDonald's को भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
एक रिपोर्ट के अनुसार शिकागो स्थित बर्गर चेन के शेयर में 2.5 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं दूसरी तिमाही में यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस और लैटिन अमेरिका सहित बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्टोर की बिक्री में 23.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
इससे पहले IBES के आंकड़ों के अनुसार, विश्लेषकों ने 23.24 फीसदी की गिरावट का अनुमान लगाया था। यूनाइटेड स्टेट जहां कंपनी अपने एक तिहाई से अधिक रेस्तरां संचालित करती है, वहां की बिक्री 8.7 फीसदी तक गिर गई लेकिन राहत की बात यह रही कि अनुमानित 9.97 फीसदी की गिरावट से बेहतर थी।
निवेशकों के साथ एक कॉन्फ्रेंस कॉल पर अधिकारियों ने सतर्क लहजे में घाटे को लेकर सूचित किया था। लेकिन अब यूनाइटेड स्टेट में जुलाई की बिक्री में कुछ हद तक सुधार हुआ है और इसे पूरे महीने के लिए थोड़ा सकारात्मक भी माना जा रहा है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस केम्पिंस्की ने कहा कि दूसरी तिमाही में McDonald's इस नए वातावरण में बहुत कुछ सीखने की कोशिश कर रहा है और इसी के अनुसार अपनी बिक्री को ढालने की कोशिश कर रहा है।
केम्पिंस्की ने आगे कहा कि लॉकडाउन में ढील देने के बाद से बिक्री में काफी हद तक सुधार हुआ है और हमें इस संकट के दौरान अपने व्यवसाय को चलाने का अनुभव भी प्राप्त हुआ। McDonald's के लगभग 96 फीसदी स्थान ड्राइव-थ्रू वितरण या बैठने की क्षमता को कम करने के साथ काम कर रहे हैं।
कंपनी अब अधिकांश कोर मेनू आइटम और डिजिटल ऑर्डरिंग को बढ़ावा देगी साथ ही साथ कुछ और नई योजनाओं पर विचार कर रही है। केम्पिंस्की ने कहा कि McDonald's यूरोप में अपने व्यवसाय को और बढ़ाने को सोच रहा है, जहां कुछ स्वतंत्र रेस्तरां इकाइयां हैं जिनके पास कुछ बड़ी चुनौतियां हैं और यह हमारे लिए कुछ और अवसर पेश कर सकती हैं।
कंपनी का राजस्व 30.5 फीसदी गिरकर 3.76 बिलियन डॉलर हो गया जो कि 3.68 बिलियन डॉलर के अनुमान से बेहतर रहा। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की शुद्ध आय 68 फीसदी घटकर 483.8 मिलियन डॉलर रही। वहीं कंपनी ने 66 सेंट प्रति शेयर कमाया जो कि अपेक्षा से 8 सेंट नीचे थी।