जापान की जीडीपी में भारी गिरावट (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : iStock
जापान की अर्थव्यवस्था में अप्रैल-जून की दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड गिरावट आई है। अर्थव्यवस्था में यह गिरावट शुरुआती अनुमान से कहीं अधिक रही है। कैबिनेट कार्यालय ने मंगलवार को कहा कि जापान के समायोजित वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में सालाना आधार पर 28.1 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह आंकड़ा पिछले महीने दिए गए 27.8 प्रतिशत के अनुमान से भी अधिक रहा है।
कोरोना महामारी की वजह से लोगों को अपने घरों में रहने को मजबूर होना पड़ा। महामारी के चलते रेस्तरां और स्टोर बंद हैं। यात्रा और पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाएं कोरोना से बुरी तरह प्रभावित हुईं हैं। लेकिन निर्यात पर निर्भर जापानी अर्थव्यवस्था को इस महामारी से अन्य अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में कहीं अधिक बड़ी चोट पहुंची है।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे चुके हैं। अब देश नया नेता चुनने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में नए प्रधानमंत्री के समक्ष देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।