बीमा नियामक इरडा ने मंगलवार को जीवन बीमा कंपनियों के लिए ई-पॉलिसी जारी करने की समय-सीमा छह महीने और बढ़ा दी है। अब बीमा कंपनियां 30 सितंबर, 2021 तक ई-पॉलिसी जारी कर सकेंगी। बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने कहा, कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।
कोरोना के मामले बढ़ने पर इरडा ने लिया फैसला, अब 30 सितंबर तक ई-पॉलिसी जारी कर सकेंगी कंपनियां
इसके तहत बीमाकर्ता अब सितंबर अंत तक बीमाधारक की ई-मेल आईडी पर इलेक्ट्रॉनिक रूप में सभी जीवन बीमा पॉलिसी भेजना जारी रख सकते हैं। हालांकि, अगर कोई बीमाधारक पॉलिसी की हार्ड कॉपी मांगता है तो बीमा कंपनियों को इसे बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराना होगा।
दरअसल, कोरोना के मामले बढ़ने और लॉकडाउन को देखते हुए बीमा कंपनियों ने पॉलिसी दस्तावेजों को प्रिंट करने और भेजने में दिक्कतों को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद इरडा ने अगस्त में पहली बार बीमा कंपनियों को 2020-21 अंत तक ई-पॉलिसी जारी करने की अनुमति दी थी। इससे पहले ऑनलाइन तरीके से पॉलिसी खरीदने पर भी बीमा कंपनियों को दस्तावेज की हार्ड कॉपी भेजने होती थी।