इंटेल कंपनी इस साल अपने कर्मचारियों की संख्या में 25,000 से अधिक की कटौती करने की तैयारी में है। कंपनी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इंटेल लंबे समय से मुश्किल दौर से गुजर रही और यह फैसला कंपनी की वापसी की कोशिशों के तहत लिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: India-UK FTA: यूके की 26 कंपनियां भारत में करेंगी निवेश, एयरबस-रॉल्स रॉयस भेजेंगी पांच अरब डॉलर के विमान-इंजन
2025 के अंत तक कर्मचारियों की संख्या घटकर 75,000 होने की संभावना
चिप निर्मता कंपनी इंटेल के पास पिछले साल के अंत में 108,900 कर्मचारी थे। कंपनी ने कहा कि अब उसे छंटनी, कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने और अन्य कारणों के चलते 2025 के अंत तक कर्मचारियों की संख्या 75,000 तक कम होने की उम्मीद है। इंटेल ने अप्रैल 2025 मे लागत में कटौती की जरूरत का संकेत दिया था। कंपनी ने कहा कि उसने तब से 15 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की है।
अंतरराष्ट्रिय कारखानों की योजना नहीं बढ़ेगी आगे
इंटेल ने यह भी जानकारी दी कि वह अब जर्मनी और पोलैंड में कारखाने बनाने की योजना पर आगे नहीं बढ़ेगी। साथ ही ओहायो में नए कारखाने के निर्माण की गति को और धीमा किया जाएगा, कोस्टा रिका में अपने परिचालन को, वियतनाम और मलेशिया के बड़े स्थलों तक सीमित कर देगी।
कंपनी ने 2.9 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा किया दर्ज
इंटेल ने अपनी दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करते हुए कटौती का आकलन किया। कंपनी ने 2.9 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा दर्ज किया। इसमें हालिया कटौती के कारण हुए पुनर्गठन शुल्क भी शामिल हैं। राजस्व लगभग 12.9 अरब डॉलर पर स्थिर रहा। यह विश्लेषकों के अनुमान से ज्यादा था।
13.6 अरब डॉलर तक राजस्व घाटे का अनुमान
कंपनी ने चालू तिमाही में 12.6 अरब डॉलर से 13.6 अरब डॉलर के राजस्व घाटे का अनुमान लगाया है। विश्लेषकों ने सिंतबर में समाप्त होने वाली अवधि के लिए 12.6 अरब डॉलर का औसत अनुमान लगाया था।
सीईओ ने कहा- जवाबदेही बढ़ाने के लिए कठिन निर्णय लेना जरूरी
इंटेल के सीईओ लिप-बू टैन ने कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कहा कि मुझे पता है कि पिछले कुछ महीने आसान नहीं रहे हैं। हम संगठन को सुव्यवस्थित करने, अधिक दक्षता लाने और कंपनी के हर स्तर पर जवाबदेही बढ़ाने के लिए कठिन लेकिन जरूरी फैसले ले रहे हैं।
वार्षिक परिचालन खर्च में की जा रही कटौती
इंटेल ने अप्रैल में कहा था कि वह इस साल के लिए अपने वार्षिक परिचालन व्यय को नियोजित 17.5 अरब डॉलर से घटाकर 17 अरब डॉलर करेगी। कंपनी ने 2026 के लिए इसे 16 अरब डॉलर का लक्ष्य रखा है।
माइक्रोप्रोसेसर चिप्स बनाने में हासिल की प्रसिद्धि
इंटेल ने 1990 के दशक में माइक्रोप्रोसेसर चिप्स की बिक्री के दम पर प्रसिद्धि हासिल की। यह चिप्स कंप्यूटर में इलेक्ट्रॉनिक मस्तिष्क का काम करते हैं। लेकिन कंपनी स्मार्टफोन क्रांति को भुनाने में चूक गई और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में तेजी से बढ़ती चिप्स की मांग का फायदा उठाने में नाकाम रही, जहां Nvidia का दबदबा बना हुआ है।