गुड्स एंड सर्विस टैक्स को लागू हुए दो महीने से अधिक का समय हो गया है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के हिसाब से पिछले एक हफ्ते में 6 लाख कारोबारियों द्वारा रिटर्न फाइल करने और टैक्स अदा करने के बाद अकेले जुलाई महीने में जीएसटी से होने वाली कमाई 94700 करोड़ के पार पहुंच गई है।
पढ़ें- GST में पहले महीने हुई 92283 करोड़ रुपये की कमाई, फाइल हुए 38.38 लाख रिटर्न
30 अगस्त तक 38 लाख व्यापारियों ने फाइल किया था रिटर्न
इससे एक हफ्ते पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया था कि 38.38 लाख व्यापारियों ने अपना रिटर्न भर दिया है और 92283 करोड़ रुपये का टैक्स अदा किया था। वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक हफ्ते बाद जीएसटी रिटर्न की संख्या 44 लाख के पार पहुंच गई है और 2500 करोड़ रुपये टैक्स के तौर पर सरकार के खजाने में आए हैं।
यह आंकड़ा कुल रजिस्टर्ड टैक्स पेयर का 74 फीसदी है और अभी 11 लाख व्यापारियों को अपना रिटर्न भरना है।
एक हफ्ते पहले तक इतनी हुई थी कमाई
एक हफ्ते पहले जारी हुए आंकड़ों के हिसाब से सरकार को सीजीएसटी मद में 14894 करोड़ रुपये, एसजीएसटी मद में 22722 करोड़ रुपये, आईजीएसटी मद में 47469 करोड़ रुपये और सेस के मद में 7198 करोड़ रुपये आए।
उल्लेखनीय है कि जीएसटी से पहले केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर विभाग और राज्यों के वाणिज्यिक कर विभाग में कुल 72.33 लाख करदाता पंजीकृत थे। इनमें से 58.53 लाख करदाताओं ने पूर्ण रूप से अपना माइग्रेशन जीएसटीएन में करवा लिया जबकि 13.80 लाख करदाताओं की माइग्रेशन की प्रक्रिया में कुछ काम अभी भी शेष है।
सरकार के मुताबिक 29 अगस्त 2017 की सुबह 10 बजे तक कुल 18.83 लाख नए करदाताओं ने जीएसटीएन में पंजीकरण करवाया है।