कारोबारी गतिविधियों में सुधार के साथ अगस्त में ई-वे बिल की संख्या और राशि में भी इजाफा हुआ है। जीएसटीएन ने शुक्रवार को बताया कि अगस्त में 13.85 लाख करोड़ रुपये के 4.87 करोड़ ई-वे बिल जारी हुए। अप्रैल में लॉकडाउन की वजह से महज 3.90 लाख करोड़ के ई-वे बिल जारी किए गए थे।
जीएसटीएन के मुताबिक, राज्यों के बीच 50 हजार रुपये से ज्यादा का सामान भेजने या लाने के लिए ई-वे बिल जारी करना पड़ता है। जुलाई में 4.76 करोड़ ई-वे बिल जारी हुआ था, जिसका कुल मूल्य 13.66 लाख करोड़ रुपये था।
अप्रैल में लॉकडाउन के बाद से लगातार सुधार जारी है और मई में 8.98 लाख करोड़ व जून में 12.40 लाख करोड़ के ई-बिल जारी हुए थे। इस साल फरवरी में कोरोना पूर्व ई-वे बिल का स्तर15.39 लाख करोड़ था, जिसमें 5.63 करोड़ ई-वे बिल जारी हुए थे। जीएसटीएन ने बताया कि ट्रांसपोर्टर अब एनआईसी से 5 दिन का ई-वे बिल डाउनलोड कर सकते हैं।