मथुरा में होली के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं से यहां का बाजार भी गुलजार होगा। श्रद्धालु यहां से लड्डू गोपाल की मूर्ति, शृंगार का सामान, पोशाकों को खरीद करके ले जाते हैं। इसके लिए बाजार सज गए हैं। वहीं कारोबारियों को होली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
विगत काफी समय से मंदी के बाद होली का उल्लास कारोबारियों के लिए खुशियां लेकर आया है। ब्रज की होली के दर्शन को देश ही नहीं बल्कि विदेशों से लाखों लोग यहां आते हैं। वो यहां के मंदिरों की होली का आनंद लेते हैं और खरीदारी भी करते हैं।
10 करोड़ के कारोबार की संभावना
हर वर्ष यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए इस वर्ष पोशाक और शृंगार से जुड़े कारोबारियों को 10 करोड़ के व्यापार की संभावना है। इस बार भी 40 दिवसीय फाग महोत्सव शुरू होते ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई है।
होली के पर्व को लेकर पोशाक और शृंगार व अन्य सामानों से दुकानें सज गई हैं। खरीदारों की भीड़ बढ़ने के साथ बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु जमकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं बाजार में मांग को देखते ठाकुरजी के शृंगार व पोशाकें उपलब्ध हैं।
पोशाक कारोबारी अमित अग्रवाल ने बताया कि होली पर आने वाले श्रद्धालु राधाकृष्ण, लड्डू गोपाल की मूर्ति के अलावा उनके शृंगार, पोशाक, मुकट आदि की अधिक खरीदारी करते हैं। अपने ग्राहकों के लिए बाजार भी पूरी तरह तैयार है।
'काफी समय से थी मंदी'
पोशाक कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पिछले काफी समय से मंदी से बाजार बेजार था। होली से पहले खरीदारी की चहल-पहल राहत दे रही है और होली तक बाजार में और तेजी आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
विदेशों तक जातीं हैं पोशाकें
मथुरा की दुकानों पर बिक्री के लिए रखीं गईं पोशाकें देश के कोने-कोने तक ही नहीं विदेशों में भी जाती हैं। मथुरा की पोशाक अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया, रूस, दुबई, फ्रांस आदि देशों तक जाती हैं।