दिल्ली से आगरा आने वाले रेडीमेड गारमेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स व इलेक्ट्रिक उत्पाद की आवक में 30 फीसदी गिरावट हुई है, वहीं दिल्ली जाने वाले माल की बुकिंग 40 फीसदी कम हो गई।
दिल्ली में हिंसा के कारण आगरा से माल की आवक प्रभावित हो गई है। ट्रांसपोर्ट कंपनियों के दिल्ली जाने वाले माल की बुकिंग 40 फीसदी कम हो गई है। जूता मैटेरियल, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रोनिक्स का सामान भी दिल्ली से तीन दिन से नहीं आ पा रहा है। उधर, ट्रेनों से दैनिक यात्री भी दिल्ली से बहुत कम माल लेकर आ रहे हैं।
विज्ञापन
दिल्ली में नागरिकता कानून के मुद्दे पर हुई हिंसा का असर ताजनगरी पर पड़ना शुरू हो गया है। ट्रांसपोर्ट से आगरा से सबसे ज्यादा माल जूता, जूता मैटेरियल दिल्ली भेजा जाता है। इसके अलावा हार्डवेयर, मशीनरी, ब्रुश, परचून का माल भी भेजा जाता है।
तीन दिन से दिल्ली के व्यापारियों ने भी माल की बुकिंग में कमी कर दी है। गाड़ी में आगजनी के डर से ट्रांसपोर्टर्स भी बुकिंग कम ले रहे हैं। ऐसे में व्यापार का प्रभावित होना शुरू हो चुका है।
विज्ञापन
40 फीसदी बुकिंग कम हुईं
आगरा गुड्स कैरियर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि आगरा का जूता, कांच, जूता मैटेरियल दिल्ली भेजा जाता है। ट्रांसपोर्ट कंपनियों पर दिल्ली की बुकिंग में 40 से 45 फीसदी की गिरावट आ गई है। ट्रांसपोर्टर्स माहौल के शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। यह हाल पूरे शहर की ट्रांसपोर्ट कंपनियों का है।
माल भेजने में लग रहा डर
ट्रांसपोर्ट व्यवसायी शिव सिंह चौधरी ने बताया कि दिल्ली भेजे जाने वाले माल की बुकिंग लेना फिलहाल रोक दिया है। अभी एक सप्ताह तक का स्टॉक रहता है। चार पांच दिन से हालत बिगड़े हैं। ज्यादातर ट्रांसपोर्ट कंपनियों पर दिल्ली की बुकिंग में गिरावट आई है। गाड़ी भेजने में डर लग रहा है।
ट्रेनों के निरस्त होने से माल की आवक थमी
दैनिक रेल यात्री संघ आगरा के अध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि दैनिक यात्री बड़ी संख्या में ट्रेनों से दिल्ली से माल लाकर यहां बेचते हैं। इनमें कास्मेटिक, बेल्ट, रेडीमेड गारमेंट, घड़ियां, खिलौने आदि उत्पाद हैं।
उन्होंने कहा कि एक तो दिल्ली की ट्रेनें निरस्त हैं तो दूसरी ओर दिल्ली की फैक्ट्ररियां भी बंद हो गई हैं। वह सदर बाजार जैसे इलाकों में दिल्ली के अन्य हिस्सों से माल नहीं आ रहा है। इससे दैनिक यात्री परेशान हैं।