अमेरिका की एप आधारित टैक्सी कंपनी ऊबर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ट्रैविस कलानिक ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आर्थिक सलाहकार परिषद से इस्तीफा दे दिया है। कलानिक ने अपने कर्मचारियों को ट्रंप से फोन पर होने वाली बात भी लिखी।
कलानिक ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ट्रंप के साथ हुई उनकी बातचीत के बारे में बताया कि - 'मैं इस आर्थिक परिषद का हिस्सा नहीं बन पाऊंगा। समूह का हिस्सा बनना राष्ट्रपति या उनके एजेंडे का समर्थन करना नहीं है लेकिन दुर्भाग्यवश इसे इसी संदर्भ में समझा जा रहा है। ऊबर कंपनी के सीईओ ने व्हाइट हाउस में समूह की पहली बैठक से ठीक पहले अपना इस्तीफा दिया है।
उन्होंने कहा कि - 'बृहस्पतिवार को मेरी राष्ट्रपति से प्रवासियों पर लाए गए कार्यकारी आदेश और इसके चलते हमारे समुदाय की समस्याओं पर बात हुई। चूंकि ट्रैविस की कंपनी प्रवासियों की मदद से चल रही थी, इसलिए उनके ट्रंप की आर्थिक सलाहकार परिषद में बने रहने पर सवाल उठ रहे थे। उबर सीईओ के इस फैसले पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया तो नहीं आई है, लेकिन इससे अन्य कंपनियों के सीईओ पर भी ट्रंप के साथ होने वाली बैठक में शामिल नहीं होने का दबाव बढ़ सकता है।
कलानिक के अलग होने से तकनीकी कंपनियों और वॉशिंगटन के बीच में दरार आने के संकेत भी हैं। बैटरी वेंचर्स के जनरल पार्टनर नीरज अग्रवाल ने कहा कि - 'ट्रंप और सिलिकॉन वैली के बीच एक तरह से जंग का माहौल बन रहा है।