स्पाइसजेट ने रविवार को घोषणा कर बताया कि वह केंद्र सरकार की उड़ान अंतरराष्ट्रीय योजना के तहत एक महीने बाद यानी एक जुलाई से गुवाहाटी-ढाका-गुवाहाटी मार्ग पर उड़ानें शुरू करेगी।
इतना ही नहीं, एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह 20 जून से अपने घरेलू नेटवर्क पर मेट्रो और गैर-मेट्रो शहरों को जोड़ने वाली 14 सीधी उड़ानें शुरू कर रही है। इसने कहा, 'एयरलाइन कोलकाता-डिब्रूगढ़-कोलकाता (दूसरा फेरा), गुवाहाटी-डिब्रूगढ़-गुवाहाटी (दूसरा फेरा) और बंगलुरू-मंगलुरु-बेंगलूरु क्षेत्र पर दो अतिरिक्त फेरे (अब कुल पांच उड़ानें) में अतिरिक्त फेरों को जोड़ेगी।'
फिलहाल स्पाइसजेट के कर्मचारियों की संख्या 14,000 है और उसके बेड़े में 100 विमान हैं। एयर इंडिया, जेट एयरवेज (अब अस्थायी रूप से ठप) और इंडिगो के बाद यह चौथी एयरलाइन है जिसके पास 100 विमान हैं। स्पाइसजेट के पास बोइंग 737, बॉम्बार्डियर क्यू 400 और बी 737 फ्राइटर विमान है। एयरलाइन 62 गंतव्यों के लिए 575 दैनिक उड़ानों का परिचालन करती है।