कारों की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद गत मार्च में लगभग सभी कंपनियों की कारों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मारुति सुजुकी की बिक्री में मार्च महीने 15.9 फीसदी का इजाफा रहा। वहीं हुंडई की कुल बिक्री में इस साल मार्च महीने में 3.4 फीसदी की बढ़ोतरी रही।
इस साल जनवरी महीने में सभी कार कंपनियों ने कार के दाम में बढ़ोतरी की थी। गत 29 फरवरी को आम बजट की घोषणा के बाद भी कार कंपनियों ने कार के दाम में बढ़ोतरी की थी। मारुति सुजुकी की कुल बिक्री में पिछले साल मार्च के मुकाबले 15.9 फीसदी की बढ़ोतरी रही। इस दौरान मारुति सुजुकी की कुल बिक्री बढ़कर 1.29 लाख यूनिट रही। वहीं साल दर साल आधार पर मार्च में मारुति सुजुकी की घरेलू बिक्री 14.6 फीसदी बढ़ी है। मार्च में मारुति सुजुकी ने घरेलू बाजार में 1.18 लाख वाहनों की बिक्री की।
इस साल मार्च में मारुति सुजुकी के निर्यात में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 33.4 फीसदी की बढ़ोतरी रही। मार्च में मारुति सुजुकी ने 10,450 वाहनों का निर्यात किया। साल दर साल आधार पर मार्च में मारुति सुजुकी की पैसेंजेर कार बिक्री 7.4 फीसदी बढ़ी है। मार्च में कंपनी ने 92,105 पैसेंजेर कारों की बिक्री की है। सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2016 में मारुति सुजुकी की कुल बिक्री 10.6 फीसदी बढ़कर 14.29 लाख यूनिट रही है।
मारुति सुजुकी के कार्यकारी निदेशक आर.एस. कलसी के मुताबिक मौजूदा वित्त वर्ष में भी ग्रोथ की रफ्तार 10 फीसदी से ज्यादा रहेगी। कलसी का कहना है कि वित्त वर्ष 2017 में 2 नए मॉडल उतारने की तैयारी है। आगे भी पिछले साल जैसी ग्रोथ बरकरार रखेंगे। इग्निस को दीवाली में लॉन्च किया जा सकता है। वहीं वित्त वर्ष 2017 की चौथी तिमाही में गुजरात प्लांट शुरू होने की उम्मीद है।
हुंडई की बिक्री 3.4 प्रतिशत बढ़ी
hyundai
दूसरी तरफ हुंडई मोटर इंडिया की मार्च माह की बिक्री 3.4 प्रतिशत बढ़कर 51,452 यूनिट रही। इससे पिछले साल के समान महीने में कंपनी की बिक्री 49,740 यूनिट रही थीं। कंपनी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 4.2 प्रतिशत बढ़कर 41,201 यूनिट रही।
मार्च, 2015 में यह बिक्री 39,525 यूनिट की थी। हालांकि समीक्षाधीन महीने में कंपनी का निर्यात मामूली बढ़ोतरी के साथ 10,251 यूनिट रहा जो पिछले साल की समान अवधि में 10,215 यूनिट था। वित्त वर्ष 2015-16 में कंपनी ने सबसे उंचा बिक्री का आंकड़ा दर्ज किया और उसकी बिक्री कुल 484324 यूनिट की रही, जो इससे पिछले वित्त के 420668 यूनिट की तुलना में 15.1 प्रतिशत अधिक है।
हुंडई मोटर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी केट्रा, इलाइट, आई20 और ग्रैंड आई10 माडलों के बेहतर प्रदर्शन की वजह से बिक्री का यह आंकड़ा हासिल कर पाई। हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लेलैंड की मार्च माह की बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 16,702 यूनिट रही, जो इससे पिछले साल के समान महीने में
12,754 यूनिट थी। कंपनी के मुताबिक उसके भारी और मध्यम वाणिज्यिक वाहनों की बिक्र्ती माह के दौरान 32 प्रतिशत बढ़कर 13,240 यूनिट रही जो एक साल पहले समान महीने में 10,027 इकाई रही थी। वहीं कंपनी के हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 27 प्रतिशत बढ़कर 3,462 यूनिट रही, जो एक
साल पहले समान महीने में 2,727 यूनिट थी।