मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) खुदरा कारोबार में नियंत्रण के लिए किशोर बियानी की कंपनी फ्यूचर ग्रुप की हिस्सेदारी खरीद सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों कंपनियों के बीच नियमों और शर्तों को लेकर सहमति बन चुकी है। इसके बाद आज फ्यूचर रिटेल लिमिटेड कंपनी के शेयर में जोरदार उछाल देखने को मिला।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जल्द ही इस डील की घोषणा हो सकती है। अगर यह डील हो जाती है, तो रिलायंस ग्रॉसरी, फैशन व डेली इस्तेमाल की चीजों के बाजार में अपनी स्थिति मजबूत बना लोगी।
अंबानी और बियानी की डील से फ्यूचर रिटेल, फ्यूचर लाइफस्टाइल फैशन और फ्यूचर सप्लाई चेन सॉल्यूशंस का विलय हो सकता है, जिनपर मुकेश अंबानी का मालिकाना हक होगा। ऐसा होने पर भारत में मुकेश अंबानी का कद और बढ़ जाएगा। इससे पहले जून में ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें कहा गया था कि रिलायंस और किशोर बियानी के फ्यूचर ग्रुप के बीच डील पर बात चल रही है और रिलायंस कुछ यूनिट को अधिग्रहण करेगा।
हालांकि, इस महीने की शुरुआत में फ्यूचर ग्रुप ने कहा कि उसके बोर्ड द्वारा रिलायंस या किसी अन्य डील के बारे में कोई बातचीत नहीं हुई है। मालूम हो कि फ्यूचर रिटेल भारत में 1,500 से अधिक स्टोर चलाता है। साथ ही यह कई सुपरमार्केट ब्रांडों का भी मालिक है, जिसमें बजट डिपार्टमेंट और किराना चेन बिग बाजार शामिल हैं।
कंपनियों के शेयर में उछाल
आज फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के शेयर में उछाल देखा जा रहा है। दोपहर 3 बजे यह 4.75 अंक यानी 4.98 फीसदी की बढ़त के बाद 100.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 99.80 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 95.45 के स्तर पर बंद हुआ था।
रिलायंस की बात करें, तो दोपहर 3 बजे के करीब कंपनी का शेयर 26.85 अंक यानी 1.25 फीसदी की बढ़त के बाद 2,173 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 2178.80 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 2146.15 के स्तर पर बंद हुआ था।