वरिष्ठ नौकरशाह राजीव बंसल ने सोमवार को एयर इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पद ग्रहण किया। एयर इंडिया के सीएमडी के तौर पर बंसल ने अश्वनी लोहानी की जगह ली हैं। उनकी नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं क्योंकि सरकार एक बार फिर से कर्ज में डूबे एयर इंडिया को बेचने पर जोर दे रही है।
इससे पहले अगस्त 2017 में बंसल को तीन महीने के लिए एयर इंडिया के अंतरिम सीएमडी के रूप में नियुक्त किया गया था। उस दौरान भी, बंसल ने सीएमडी पद पर लोहानी की जगह ली थी, जो एयर इंडिया में अपने दो साल के कार्यकाल को पूरा करने के बाद रेलवे बॉर्ड के प्रमुख के रूप में नियुक्त किए गए।
बंसल के कार्यकाल के दौरान, एयर इंडिया ने कोपेनहेगन समेत दुनिया के कई शहरों में अपनी उड़ानें शुरू की थी। उन्होंने विमानन कंपनी के खर्चों को कम करने सहित उसकी उड़ानों के समय पर परिचालन के लिए भी कदम उठाए।
बंसल पेशे से इंजीनियर हैं और उन्होंने आईआईटी दिल्ली से 1988 में स्नातक हैं। उन्होंने हैदराबाद, आईसीएफएआई से वित्त मामलों में डिप्लोमा हासिल किया है और आईआईएफटी, नई दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एक कार्यकारी डिग्री भी हासिल की हैं।
बंसल की नियुक्ति बहुत महत्वपूर्ण समय पर हुई है, क्योंकि सरकार घाटे में चल रही एयर इंडिया में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने की कोशिश कर रही है। सरकार ने 27 जनवरी को एयर इंडिया के 100 फीसदी हिस्सेदारी के लिए प्रारंभिक बोली दस्तावेज जारी किया था। वर्तमान समय में एयर इंडिया पर 60,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है।